नहाय खाय के साथ महापर्व छठ की हुई शुरुआत,रांची के बाजारों में दिखने लगा उत्साह

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुख्य रूप से रांची में बकरी बाजार, कचहरी रोड, जिला स्कूल, डोरंडा बाजार में छठ को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। इन मुख्य बाजारों में खरीदारी के लिए लोग रांची के आसपास के इलाकों से भी पहुंचते हैं।

नहाय खाय के साथ छठ का त्योहार शुरू हो गया है। झारखंड की राजधानी रांची में भी छठ की तैयारी जोरों पर है। छठ घाटों की सफाई को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद इस पर काम तेज हो गया है।

नहाए खाय में आज चावल,चना दाल और कद्दू की सब्जी को प्रसाद के रूप मे ग्रहण किया गया। छठ के दूसरे दिन 29 अक्टूबर को खरना होगा और इस दिन भोग तैयार किया जाता है। शाम के समय दूध भात और गुड़ या लौकी की खिचड़ी खाई जाती है। छठ पूजा में तीसरे दिन शाम के समय भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है और बांस की टोकरी में फलों, ठेकुआ, चावल के लड्डू आदि से अर्घ्य के सूप को सजाया जाता है। इसके बाद, व्रती अपने परिवार के साथ मिलकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं और इस दिन डूबते सूर्य की आराधना की जाती है। छठ पूजा का पहला अर्घ्य इस साल 30 अक्टूबर को होगा। चौथे दिन 31 अक्टूबर को व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे।

रांची: छठ को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव,इन जगहों पर पार्किंग व्यवस्था,बड़े वाहनों की नो इंट्री

रांची के फल मंडी में भी उत्साह देखा जा रहा है, कई जगहों से फल यहां मंगाये गये हैं। रांची के फल मंडी में कई पीढ़ियो से लोग फलों का कारोबार कर रहे हैं। छठ को लेकर तैयारी पहले से शुरू हो जाती है। केला, सेब, नारंगी जैसे फलों की डिमांड छठ के दौरान ज्यादा होती है।

सूप, दउरा, नारियल, आम की लकड़ी, मिट्टी के चूल्हा, पानी फल, केला, सेब, शरीफा, गरी, किशमिश, छुहाड़ा, अर्घ पत्ता, मखाना सहित दूसरे छठ के सामानों की बिक्री होने लगी है।

Share Now

Leave a Reply