रांची में भारत बंद का ज्यादा असर नहीं, सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

RANCHI: किसान आंदोलनों के समर्थन और कृषि बिलों के विरोध में बुलाए गए भारत बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। राँची के मुख्य मार्ग पर कई दुकानें बंद थी। हालांकि अन्य इलाकों में दुकानें खुली रही। सड़कों पर गाड़ियां दौडती हुई दिखी. खादगढ़ा से हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा आदि के लिए बसें चल रही हैं। बूटी मोड़ के पास आधा दर्जन से अधिक वाहन यात्रियों को ले जाते देखे गए। सड़कों पर पहले की तरह भीड़भाड़ है। कांटाटोली चौक पर ऑटो की आवाजाही सामान्य है। सिटी बसें भी सड़कों पर दौड़ रही हैं। डोरंडा, हिनू, अशोकनगर आदि इलाकों में रोजाना की तरह वाहन दौड़ रहे हैं। दुकानें खुली हैं। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए कई जगहों पर पुलिस तैनात कर दी गई। अल्बर्ट एक्का चौक के पास पुलिस तैनात है।

बंद का मिलाजुला असर राँची के आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। तोरपा में ज्यादातर दुकानें और यात्री वाहन बंद रहे। हालांकि, माल और छोटी ट्रेनें चालू हैं। जबकि बंद का असर बेड़ो प्रखंड मुख्यालय में दिखाई नहीं दिया। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान और सब्जी बाजार खुले रहे। भारत बंद के मद्देनजर स्कूल बंद थे। हालांकि ऑनलाइन क्लासेज चल रही हैं। स्कूलों का कहना है कि परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। स्कूल को बंद रखा गया है लेकिन ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। इधर, भाकपा-माले ने रातू,पिस्कामोड से जुलूस निकाला और जुलूस अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। जबकि कांग्रेस की ओर से रविवार शाम कांग्रेस भवन से अलबर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया।

विपक्षी दलों ने भी केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ ट्रेड यूनियनों के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। सड़क पर उतरकर विपक्षी दल के कार्यकर्ता भारत बंद में हिस्सा लिए।इसे लेकर झारखंड में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रांची में 1000 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया। मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल कानून व्यवस्था को संभालते हुए दिखे। रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों के अलावा बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड आदि पर विशेष ध्यान रखा गया। भारत बंद के नाम पर गड़बड़ी करने वालों पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने थानेदारों को अपने-अपने इलाकों में विशेष गश्त करने का निर्देश दिया है। हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, गिरिडीह में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। विपक्ष ने भारत बंद को समर्थन दिया है।

पलामू जिले में भारत बंद का मिलाजुला असर रहा। जिले में बसों और मालवाहक वाहनों का संचालन ठप हो गया। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित छहमुहान में बंद समर्थकों ने ट्रक लगाकर सड़क जाम कर दिया। वे केंद्र सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं। इसमें नारेबाजी की जा रही है, महंगाई रोको, कृषि बिल वापस लो आदि। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में समर्थकों ने सड़क पर उतरकर वाहनों का संचालन बंद कर दिया। बंद समर्थकों में किसान यूनाइटेड फ्रंट, कांग्रेस, राजद, भाकपा माले, भाकपा माले रेड स्टार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, आप पार्टी, झामुमो समेत कई संगठनों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share Now

Leave a Reply