मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अपनी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन एवं दोनों पुत्रों के साथ छठ व्रतियों के बीच पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देकर आस्था के महापर्व छठी मैया की पूजा की। मुख्यमंत्री ने भगवान भास्कर से झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।
अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर समस्त झारखण्डवासियों की खुशहाली की कामना की।
भगवान भास्कर और छठी मईया सभी का कल्याण करे। pic.twitter.com/w9uxyue10A— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) October 30, 2022
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महापर्व सूर्य भगवान की आराधना के लिए जाना जाता है। छठ महापर्व प्रकृति की पूजा का प्रतीक है। प्रकृति पर आस्था और उससे जुड़ाव भारतीय संस्कृति की परंपरा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी माताएं-बहने 72 घंटे का व्रत रखकर भगवान भास्कर की आराधना करती हैं। यह हजारों साल पुरानी अद्भुत परंपरा है। यह समर्पण, सात्विकता, आस्था और स्वच्छता का एक बड़ा उदाहरण है। मैं इस परंपरा को शीश झुका कर नमन करता हूं।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया से प्रार्थना है कि सभी सुखी हों. सब निरोगी रहें. छठी मैया सबका मंगल और कल्याण करें.