बसंत सोरेन ने लुईस मरांडी के आवास पर की बैठक, असम CM पर कसा तंज

रांची: जामा से झामुमो की प्रत्याशी लुईस मरांडी के हथियपाथर स्थित आवास पर शनिवार को दुमका विधायक बसंत सोरेन ने बैठक की। बैठक के बाद में मीडिया से बात करते हुए बसंत सोरेन ने असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि डुप्लीकेट नाम लेकर घूम रहे एक मुख्यमंत्री को तो मैं कहूंगा कि वे यहीं के वाशिंदा हो जायें, क्योंकि उन्हें उनके राज्य के लोग भूल गये हैं। अभी तो चुनाव है। चुनाव के बाद उनका यहां का वोटर आइडी बना दिया जाये, यह मेरा आग्रह है। बसंत सोरेन ने डॉ लुईस के झामुमो में आने से मिलने वाले लाभ तथा दुमका-जामा विधानसभा सीट के सवाल पर कहा कि जामा झामुमो का गढ़ रहा है, जहां दीदी डॉ लुईस मरांडी भारी मतों से जीतेंगी।

क्या कहा लुईस मरांडी ने

वहीं पूर्व बीजेपी नेता लुईस मरांडी ने भी आपबीती बताई और बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में काम का महत्व नहीं है। लुईस मरांडी ने कहा कि उन्हें दूध से मक्खी की तरह निकालने का काम भाजपा ने किया। लेकिन, झामुमो ने महिलाओं के प्रति स्नेह व सम्मान एक बार फिर दिखाया। पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाई विधायक बसंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने हमें अपनाया। सम्मान दिया। लुईस मरांडी ने कहा कि काम का महत्व भाजपा में नहीं है। महिलाओं को सम्मान देना झारखंड मुक्ति मोर्चा में दिखा। उन्होंने कहा कि वे पहले भी जामा क्षेत्र में घूमती रहीं हैं। दुमका व जामा का कंधे से कंधा मिलाकर विकास करूंगी। उन्होंने कहा कि 28 अक्तूबर को नॉमिनेशन करेंगी।

Share Now

Leave a Reply